
आकाश दत्त मिश्रा

मुंगेली। जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में थाना फास्टरपुर क्षेत्र के ग्राम नागोपहरी में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर अवैध रूप से शराब परिवहन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में धन्नु यादव (36 वर्ष), निवासी विचारपुर और प्रहलाद यादव (18 वर्ष 9 माह), निवासी निरजाम शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 पाव देशी प्लेन शराब (कुल 14.400 बल्क लीटर) जिसकी कीमत लगभग 6,400 रुपए आंकी गई है, जब्त की है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी (कीमत लगभग 15,000 रुपए) भी जप्त की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी शराब रखने एवं परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद थाना फास्टरपुर में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिंहा, थाना प्रभारी लक्ष्मण खुंटे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
