वायरल वीडियो पर पुलिस की सफाई, कहा—तथ्यों को तोड़-मरोड़कर किया गया प्रस्तुत


बिलासपुर। महाराणा प्रताप चौक क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने मामले में अपनी सफाई दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत कर कार्रवाई की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे यातायात जवान भानु गवास्कर राजीव गांधी चौक के पास पॉइंट ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान तिफरा ओवरब्रिज के नीचे एक 409 छः चक्का वाहन चालक ने अपने वाहन को गलत तरीके से खड़ा कर दिया, जिससे बसों और दोपहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।
जाम की सूचना मिलने पर जवान मौके पर पहुंचे और यातायात को सुचारू करने के लिए प्रयास करने लगे। इस दौरान वाहन चालक को वाहन साइड में लगाने के लिए समझाइश दी जा रही थी, लेकिन चालक ने अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और पुलिस के निर्देशों का उल्लंघन किया।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को बदनियति से इस तरह प्रस्तुत किया गया है, जिससे पूरी घटना की वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ पा रही है। उस समय जवान जाम हटाने और व्यवस्था सुधारने में व्यस्त थे, इसलिए स्थिति को सामान्य वार्तालाप मानते हुए यातायात को आगे बढ़ाया गया।
यातायात पुलिस ने बताया कि भीषण गर्मी में अधिकारी और जवान लगातार सड़कों पर ड्यूटी कर रहे हैं, ऐसे में इस तरह के भ्रामक वीडियो उनके मनोबल को प्रभावित करते हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अधूरी या भ्रामक जानकारी वाले वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें और जिम्मेदार व्यवहार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!