
शशि मिश्रा
जांजगीर चांपा। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे को अंजाम देकर ट्रैक्टर चालक भाग निकला। बाद में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। घटना बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के सोंठी की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सक्ती जिले के सपनई पाली निवासी शुभम गोस्वामी अपने जीजा संजय गोस्वामी के घर घूमने आया हुआ था। जिसके बाद वह रविवार 22 मार्च को अपने बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सोंठी के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में युवक को गंभीर चोट आई। घटना की सूचना मिलने पर बम्हनीडीह पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को बीडीएम अस्पताल चांपा पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच उपरांत युवक को मृत घोषित कर दिया। इधर घटना के बाद दुर्घटनाकारित ट्रैक्टर का चालक हिरेश पटेल मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पकड़ लिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
