संघ ने विभिन्न समाजों के साथ की बैठक, एकजुटता व आपसी सहयोग पर दिया जोर


बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में टिकरापारा स्थित गुजराती समाज भवन में सामाजिक सद्भाव बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न समाजों के लगभग 300 समाज प्रमुख एवं सामाजिक पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के मुख्य वक्ता प्रांत सामाजिक सद्भाव प्रमुख कौशलेन्द्र प्रताप सिंह रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण में सभी समाजों और धर्मों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। समाज तभी मजबूत बनता है, जब विभिन्न वर्गों के बीच परस्पर विश्वास, सम्मान और सहयोग की भावना हो।


उन्होंने सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रत्येक समाज से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। इस दिशा में सभी समाजों को आगे आकर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।
बैठक में समाज को विभाजित करने वाली शक्तियों का मिलकर सामना करने तथा आपसी सहयोग और संवाद को बढ़ाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में विभाग संघचालक राजकुमार सचदेव, नगर संघचालक प्रदीप शर्मा, माधव मिश्रा, रामचंद्र यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं सामाजिक एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!