पान दुकान में चोरी का खुलासा, चंद घंटे में आरोपी बालक पकड़ाया

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना क्षेत्र में पान दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में ही खुलासा कर दिया। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी का सामान और नगदी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, बलौदा निवासी अशोक कुमार तंबोली की “मुन्ना पान ठेला” नाम से दुकान राजीव गांधी चौक के पास स्थित है। 21 मार्च की रात करीब 9 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह लगभग 5 बजे दुकान पहुंचे तो दरवाजा टूटा हुआ और अंदर का सामान बिखरा मिला। जांच करने पर गल्ले से करीब 2000 रुपए नकद और राजश्री, विमल गुटखा, पान पराग व सिगरेट सहित करीब 25 हजार रुपए का सामान चोरी पाया गया। कुल मिलाकर लगभग 27 हजार रुपए की चोरी हुई थी।
मामले की सूचना पर बलौदा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर एक संदेही अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, कुछ चोरी का सामान और 400 रुपए नगद बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी बालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्यायालय में पेश किया है। मामले की विवेचना जारी है और दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!