चारपारा में महिला कमांडो टीम का गठन, महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चारपारा में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने ग्रामीणों और महिलाओं के साथ संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान करीब 60 महिलाओं की “महिला कमांडो टीम” का गठन किया गया। इस टीम में गांव की सक्रिय महिलाओं को शामिल किया गया है, जो क्षेत्र में महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। साथ ही महिला संबंधित अपराधों की रोकथाम में भी सहयोग देंगी।
थाना प्रभारी ने टीम को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए बताया कि वे गांव में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगी और आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करेंगी। इसके अलावा नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी जनजागरूकता फैलाने में भूमिका निभाएंगी।
इस अवसर पर महिला कमांडो टीम को पहचान के लिए टोपी और सीटी वितरित की गई, जिससे वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आसानी से पहचानी जा सकें।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!