गैस संकट के बीच रविवार को भी होम डिलीवरी, गोदाम से लेने पर ₹35 सस्ता सिलेंडर


बिलासपुर। रसोई गैस की किल्लत को दूर करने के लिए ऑयल कंपनियों ने अब रविवार को भी सिलेंडर की होम डिलीवरी जारी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को गोदाम से सीधे सिलेंडर लेने पर प्रति सिलेंडर 35 रुपए की छूट भी दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चलते गैस आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिससे शहर में संकट की स्थिति बन गई। हालांकि अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण अभी नहीं हो सका है। अधिकारियों का दावा है कि शहर में प्रतिदिन करीब 5 हजार सिलेंडर की सप्लाई हो रही है, बावजूद इसके कई उपभोक्ताओं को एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है।
डिलीवरी में हो रही देरी को देखते हुए गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि बुकिंग के बाद वे एजेंसी काउंटर से रसीद कटवाकर सीधे गोदाम पहुंचकर सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। ऐसा करने पर उन्हें 966.50 रुपए में सिलेंडर मिल रहा है, जो सामान्य दर से 35 रुपए कम है।
इधर, उपभोक्ताओं की परेशानी को कम करने के लिए एजेंसियों के हाकरों को पहले ही रसीदें दे दी गई हैं, ताकि वे रविवार को भी गोदाम से सिलेंडर उठाकर घर-घर डिलीवरी कर सकें।
छोटे सिलेंडर कनेक्शन से छात्रों और मजदूरों को राहत
ऑयल कंपनियों ने 5 किलो एलपीजी सिलेंडर के नए कनेक्शन देने की भी अनुमति दे दी है। शहर में रह रहे छात्र, प्रवासी मजदूर, छोटे कर्मचारी और टिफिन पर निर्भर लोग अब 1600 रुपए और जरूरी दस्तावेज देकर वैध कनेक्शन ले सकेंगे। इससे अवैध सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों को भी राहत मिलेगी।
छत्तीसगढ़ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सभी एजेंसियों के गोदाम रविवार को भी खुले रहेंगे और होम डिलीवरी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, सभी को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!