तारबाहर उपचुनाव: 13 अप्रैल को वोटर लिस्ट प्रकाशित, कांग्रेस-भाजपा ने तेज की तैयारी


बिलासपुर। वार्ड क्रमांक 29 तारबाहर में उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पूर्व पार्षद शेख असलम के निधन के बाद खाली हुई सीट पर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 13 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके बाद दावा-आपत्ति का अवसर मिलेगा।
इस चुनाव में कांग्रेस अपने जीत के रिकॉर्ड को बरकरार रखने की कोशिश में जुटी है, जबकि भाजपा उलटफेर की रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। इस बार चुनाव में हिंदू और ईसाई वोटरों की भूमिका अहम मानी जा रही है।
कांग्रेस की ओर से पूर्व पार्षद शेख असलम के बेटे शेख अजीम सन्नी और वरिष्ठ नेता शेख तस्लीम राजा के नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। वहीं भाजपा की तरफ से पूर्व प्रत्याशी वी. मधुसूदन राव, राजेश रजक, मुनीश गुप्ता और संध्या चौधरी के नामों पर चर्चा चल रही है।
राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो वार्ड में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक, 900 से ज्यादा बताई जा रही है। इसके अलावा एससी वर्ग के 550-600, एसटी-ईसाई 500-600, रजक समाज 250-300, अहिरवार 150-170, तेलुगू समाज 200-225, ब्राह्मण 225-250, ठाकुर 180-200, सिंधी 75-80 और बंगाली समाज के 50-60 मतदाता होने का अनुमान है।
पिछले चुनाव में कांग्रेस को निर्दलीय प्रत्याशी रेड्डू कार्टर के कारण नुकसान हुआ था, जिससे वोटों का बंटवारा हुआ और जीत का अंतर घटकर मात्र 540 वोट रह गया था। भाजपा इस बार इसी अंतर को भुनाने की रणनीति बना रही है।
इधर, विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत करीब 1500 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की भी चर्चा है, जिनमें बड़ी संख्या बंगाली मतदाताओं की बताई जा रही है। इससे चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।
फिलहाल दोनों ही दलों की नजर प्रमुख वोट बैंक पर है और जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आएगी, चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!