कॉलेज कैंटीन में छात्र पर पटाखे से हमला, आंख के पास गंभीर चोट — मामला दर्ज


बिलासपुर। शहर के तोरवा क्षेत्र स्थित चौकसे कॉलेज परिसर में गुरुवार दोपहर एक गंभीर घटना सामने आई, जहां एक छात्र पर पटाखा फेंककर हमला किया गया। घटना में प्रथम वर्ष का छात्र रुद्रनारायण सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रुद्रनारायण अपने दोस्तों धनेश्वर, प्रतीक, भूमिका और ऐश्वर्या के साथ कॉलेज कैंटीन के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान कॉलेज के ही छात्र तरुण कश्यप ने अपनी जेब से पटाखा निकालकर जलाया और सीधे रुद्रनारायण की बाईं आंख की ओर फेंक दिया। पटाखा आंख के पास फटने से वह बुरी तरह घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को तत्काल उसके मामा प्रमोद यादव के साथ सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए भर्ती कर लिया।
घटना के अगले दिन पीड़ित की मां ने थाना में आरोपी छात्र के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं, कॉलेज प्रशासन से भी घटना को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी गई है।
इस घटना के बाद परिसर में सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!