ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् द्वारा की गई शक्ति आराधना.

बिलासपुर -: समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् बिलासपुर द्वारा 21 मार्च को चैत्र नवरात्रि की तृतीया तिथि के पावन अवसर पर श्रीमती सरोज तिवारी के विशेष सहयोग से शास्त्री नगर स्थित बंगाली पारा में भक्ति और आस्था से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

संगठन की जिला सचिव श्रीमती अंजू शर्मा ने आयोजन के विषय में जानकारी देते हुये बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां दुर्गा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया. इसके पश्चात महिलाओं द्वारा समूह में जस गीत गाकर मां भगवती की महिमा का गुणगान किया गया. जस गीतों की मधुर धुन और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की संगति ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया. उपस्थित श्रद्धालु भी भक्ति रस में सराबोर नजर आए और कार्यक्रम के दौरान लगातार जयकारे गूंजते रहे.

संगठन की जिलाध्यक्ष श्रीमती रमा दीवान ने बताया कि जस गीत छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं, जिनके माध्यम से देवी की आराधना करना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है. इस आयोजन का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करना है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी है. उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में एकता, सहयोग और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं.

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजकर सांस्कृतिक गरिमा का भी प्रदर्शन किया. जस गीतों के बीच-बीच में देवी के विभिन्न स्वरूपों का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं ने मां से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां रंग-बिरंगी सजावट और धार्मिक प्रतीकों ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया. इस दौरान मातृशक्ति परिषद् की महिलाओं ने पारंपरिक जस गीतों के माध्यम से मां दुर्गा की विधिवत आराधना कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही, जिन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शक्ति उपासना में भाग लिया.

अंत में महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक स्वर में मां दुर्गा की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया. इसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया. कार्यक्रम का समापन भक्तिमय वातावरण और सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ.

इस अवसर पर श्रीमती भगवती दुबे, श्रीमती किरण शर्मा, श्रीमती शीलू द्विवेदी, श्रीमती मीना तिवारी, श्रीमती मनीषा शर्मा, श्रीमती जया शुक्ला, श्रीमती इंदु दीवान, श्रीमती चंद्रकांता गौरहा, श्रीमती पुष्पा दुबे, श्रीमती शशि द्विवेदी, श्रीमती माया दुबे, श्रीमती वंदना शर्मा, श्रीमती संजू पांडेय, श्रीमती वंदना मिश्रा, श्रीमती स्वाति दीवान, श्रीमती बीना दुबे, श्रीमती सरोज तिवारी, श्रीमती सीमा शर्मा, श्रीमती लता शर्मा, श्रीमती उर्वशी शर्मा, श्रीमती किरण शर्मा सहित बिलासपुर निवासी अनेक संगठन सहयोगी बहनें उपस्थित थीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!