
शशि मिश्रा
बिलासपुर। शनिवार की सुबह जोनल रेलवे स्टेशन में बिना हवा पानी के ओएचई अचानक टूटकर लाइन पर गिर गया, जिसके कारण स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर ओएचई को दुरुस्त कर लाइन को शुरु कराया। इसके कारण टिटलागढ़ पैसेंजर को करीब एक घंटे विलंब से रवाना किया गया।
बिलासपुर रेल मंडल में घटना और दुर्घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। प्रतिमाह किसी न किसी तरह की घटना डिवीजन की सूची में शामिल हो गई है। बिलासपुर जोनल रेलवे स्टेशन में शनिवार की सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर अचानक ब्लास्ट होने की आवाज सुनाई दी।
इस दौरान प्लेटफार्म नम्बर 7 पर शुक्रवार की रात नागपुर से बिलासपुर पहुंची वंदेभारत खड़ी हुई थी, जिसका शनिवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन परिचालन किया जाता है।
ओएचई अचानक टूटकर वंदेभारत एक्सप्रेस के इंजन के सामने लटक रहा था। बिना हवा और बारिश के ओएचई अचानक टूटने से कर्मचारियों को भी आश्चर्य हुआ। सूचना मिलते ही टीआरडी, ओएचई विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे के बाद यानि सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर ओएचई सुधार कार्य किया गया। ओएचई टूटने की जानकारी वायर एंडिंग क्लैम्प के फेल होने के कारण मिली।
