बिलासपुर में अवैध गांजा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 4.35 किलो गांजा व नकदी सहित आरोपी गिरफ्तार


छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी में अवैध मादक पदार्थ लेकर व्यापार विहार क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तारा मंडल के पीछे रेलवे लाइन के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कार्तिक गुप्ता (उम्र 29 वर्ष) निवासी बजरंग चौक, तालापारा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से स्कूटी की डिग्गी में रखे 4.35 किलोग्राम अवैध गांजा और 42,500 रुपये नगद बरामद किए गए।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी (क्रमांक सीजी-10 सीडी-1592) को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले की एंड-टू-एंड जांच की जाएगी, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!