
बिलासपुर। जिले के बेलगहना क्षेत्र के ग्राम कोनचरा में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर किराना दुकान में जा घुसा। इस हादसे में दुकान के बाहर बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोनचरा के अखराडांड़ मोहल्ला निवासी भूषण यादव अपनी किराना दुकान के काउंटर पर बैठे थे, जबकि पास ही गांव के हितेश कुमार यादव लकड़ी की बेंच पर बैठे हुए थे। इसी दौरान चालक लालेश्वर पटेल, केजू राम यादव के ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में बस्ती की ओर से लाते हुए नियंत्रण खो बैठा और सीधे दुकान में घुस गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का काउंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में भूषण यादव के बाएं पैर में गंभीर चोट आई, वहीं हितेश कुमार यादव के दाएं पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल दोनों घायलों को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक लालेश्वर पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
