
बिलासपुर। नवरात्रि और बढ़ती गर्मी के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। नियंत्रक खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर टीम ने सीपत क्षेत्र स्थित गंगोत्री मिनरल एंड वाटर प्लांट पर छापेमार कार्रवाई करते हुए बड़ी अनियमितता उजागर की।
जांच के दौरान प्लांट में भ्रामक लेबलिंग पाए जाने पर विभाग ने भारी मात्रा में पैकेज्ड पानी जब्त किया। कार्रवाई में 1 लीटर की 210 पेटियां (प्रत्येक में 12 बोतल), 250 एमएल की 3030 बोतलें और 250 एमएल के 29,100 पानी पाउच सीज किए गए। साथ ही पानी के विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।
इस दौरान विभाग ने दो अन्य फर्मों में भी खामियां पाए जाने पर उन्हें सुधार नोटिस जारी किया है। त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य सामग्री पर अंकुश लगाने के लिए टीम ने सेवई, साबूदाना, अरहर दाल और चना दाल के नमूने भी संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
इसी कड़ी में रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर परिसर के बाहर विशेष जांच अभियान चलाया गया। यहां ठेलों और गुमटियों की जांच के दौरान खराब व अखाद्य चाट पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही संचालकों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
