फौजी व एनटीपीसी कर्मी पर हमला, रॉड व नुकीले हथियार से मारपीट — दोनों पक्षों पर केस दर्ज


बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र में छुट्टी पर आए एक सेना के जवान और उनके साथी एनटीपीसी कर्मी पर चखना दुकान संचालक व उसके साथियों द्वारा कथित रूप से रॉड और नुकीली वस्तु से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सीपत के ग्राम नरगोड़ा (आवास पारा) निवासी भरतलाल लोनिया 18 मार्च की शाम अपने दोस्तों के साथ शराब लेने निकले थे। उनके साथ छुट्टी पर आए सेना के जवान विनोद लोनिया और एनटीपीसी कर्मी कमल मिश्रा भी मौजूद थे। शाम करीब 7 बजे तीनों एक चखना दुकान पहुंचे।
आरोप है कि दुकान संचालक अरविंद सिंह ठाकुर ने पहले गाली-गलौज की और फिर अपने साथियों को बुलाकर विवाद को बढ़ा दिया। इसके बाद आरोपियों ने जवान विनोद लोनिया पर हाथ-मुक्कों के साथ रॉड और नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भागने की कोशिश करने पर भी हमलावरों ने उन्हें दौड़ाकर पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे कमल मिश्रा को भी बेरहमी से मारपीट का शिकार बनाया गया।
हमले में दोनों के पीठ और सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद घायलों को तत्काल सीपत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर विनोद लोनिया को सिम्स अस्पताल रेफर किया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने चखना दुकान संचालक को बचाने के लिए जानबूझकर काउंटर केस दर्ज किया है। वहीं, थाना प्रभारी राजेश मिश्रा का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!