
बिलासपुर। नगर निगम क्षेत्र में लागू रही राजीव गांधी आश्रय पट्टा योजना को लेकर बड़ा निर्णय सामने आया है। योजना के तहत पट्टा वितरण अब नहीं किया जाएगा और पूर्व में हितग्राहियों से ली गई राशि वापस करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है, जिसकी मंजूरी मिलते ही रिफंड किया जाएगा।
तत्कालीन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस योजना के तहत शहर में सर्वे कराया गया था, जिसमें कुल 13,273 लोगों को पट्टा देने के लिए चिन्हित किया गया था। इस दौरान हितग्राहियों से निर्धारित शुल्क भी जमा कराया गया था। लिंगियाडीह क्षेत्र में ही दो चरणों में 2,276 लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए थे।
सरकार बदलने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी सरकार ने इस योजना को आगे नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके बजाय अवैध कब्जों को हटाकर प्रभावित परिवारों को पक्के मकानों में बसाने की योजना बनाई जा रही है। इसी को देखते हुए नगर निगम की एमआईसी ने हितग्राहियों को राशि लौटाने की अनुशंसा की है।
महापौर पूजा विधानी ने बताया कि योजना के तहत जिन लोगों से पैसे लिए गए थे, उन्हें वापस करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही राशि लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
लिंगियाडीह में 113 मकान अतिक्रमण की श्रेणी में
नगर निगम के अनुसार लिंगियाडीह क्षेत्र में 113 मकान अवैध कब्जे की श्रेणी में पाए गए हैं। इन्हें हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। हालांकि निगम प्रशासन का कहना है कि किसी को बेघर नहीं किया जाएगा और सभी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
वसूली गई थी 10 रुपये प्रति वर्गफीट दर से राशि
सर्वे के दौरान लिंगियाडीह के 124 लोगों से 10 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से कुल 5.87 लाख रुपये वसूले गए थे। अब यह राशि वापस की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार उनसे 500 रुपये से लेकर 2 हजार रुपये तक लिए गए थे।
गार्डन और कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना
नगर निगम लिंगियाडीह में वसंत विहार के सामने स्थित सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाकर आधुनिक गार्डन और कॉम्प्लेक्स विकसित करने की योजना बना रहा है। प्रभावित परिवारों को इंटीग्रेटेड हाउसिंग एंड स्लम डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत नए मकान दिए जाएंगे। हालांकि इस कार्रवाई के खिलाफ मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए फिलहाल तोड़फोड़ की कार्रवाई रुकी हुई है।
नापजोख का कार्य पूरा
वसंत विहार चौक से अपोलो रोड नाले तक के क्षेत्र में नापजोख का कार्य पूरा कर लिया गया है। आगामी समय में सिरगिट्टी और मोपका क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
