

बिलासपुर। भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत देने के लिए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा रामनवमी से प्रदेशभर में प्याऊ घर खोलने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में राज्य मुख्यालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला कमिश्नर स्काउट-गाइड को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक जिले में कम से कम 2 और अधिकतम 5 प्याऊ घर स्थापित किए जाएंगे। ये प्याऊ जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी संचालित होंगे। अभियान लगभग एक माह तक चलेगा, जिसके दौरान राहगीरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
बिलासपुर जिले में भी इस अभियान के तहत 5 प्रमुख स्थानों पर प्याऊ खोले जाएंगे। इनमें बस स्टैंड, कलेक्टोरेट, गोलबाजार और सिम्स बिलासपुर सहित अन्य स्थान शामिल हैं। जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने इसकी पुष्टि की है।
प्याऊ संचालन के लिए आवश्यक संसाधन जनसहयोग से जुटाए जाएंगे। इस कार्य में रोवर-रेंजर, सीनियर स्काउट-गाइड, स्काउटर और गाइडर सक्रिय भूमिका निभाएंगे। साथ ही जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक संस्थाओं से भी सहयोग लिया जाएगा।
अभियान के अंत में सेवा कार्य में भाग लेने वाले स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स को जिला संघ द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उन्हें प्रशंसा पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की जाएगी।
