मोपका व मंगला में नए पुलिस थाना खोलने की मांग पर विधानसभा में सवाल, सरकार ने दी जानकारी


बिलासपुर,
बिलासपुर जिले के ग्राम मोपका एवं मंगला में नवीन पुलिस थाना खोले जाने के संबंध में विधायक श्री सुशांत शुक्ला द्वारा विधानसभा में प्रश्न उठाया गया। इस पर उप मुख्यमंत्री (गृह) श्री विजय शर्मा ने विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
उत्तर में बताया गया कि मोपका एवं मंगला में नए पुलिस थाना खोलने की घोषणा दिनांक 06 मार्च 2023 को की गई थी। वर्तमान में इन दोनों स्थानों पर पुलिस थाना संचालित नहीं हैं तथा भूमि आवंटन की प्रक्रिया भी अभी पूर्ण नहीं हुई है।
सरकार द्वारा जानकारी दी गई कि वर्ष 2026-27 के बजट में दोनों थानों के भवन निर्माण हेतु 132.00 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रस्तावित थानों के लिए कुल 66 पद स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक के पद शामिल हैं।
हालांकि, अभी तक थाना प्रारंभ नहीं हो पाने का मुख्य कारण इनके क्षेत्राधिकार (जूरिस्डिक्शन) की अधिसूचना जारी न होना बताया गया है, जिसके कारण प्रशासनिक प्रक्रिया लंबित है। शासन स्तर पर यह प्रक्रिया जारी है, अतः थाना संचालन प्रारंभ होने की समय-सीमा फिलहाल निर्धारित नहीं की जा सकी है।
विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने इस महत्वपूर्ण विषय को विधानसभा में उठाते हुए कहा कि मोपका एवं मंगला क्षेत्र में बढ़ती आबादी और कानून-व्यवस्था की दृष्टि से नए थानों का शीघ्र प्रारंभ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सरकार से प्रक्रिया में तेजी लाने और जल्द से जल्द दोनों थानों को प्रारंभ करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!