सिल्वर ऑक बार पर कार्रवाई: सीलबंद बोतल बेचने पर 7 दिन के लिए लाइसेंस सस्पेंड, परिसर सील


बिलासपुर। मगरपारा स्थित सिल्वर ऑक बार पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे 7 दिनों के लिए सील कर दिया है। बार पर नियमों के विरुद्ध सीलबंद शराब की बोतल बेचने का मामला सामने आने के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इसका लाइसेंस निलंबित करने के आदेश दिए।
आबकारी विभाग को फरवरी महीने में शिकायत मिली थी कि बार देर रात तक संचालित हो रहा है और ग्राहकों को सील पैक शराब की बोतलें बेची जा रही हैं, जो नियमों का उल्लंघन है। शिकायत के बाद 22 फरवरी की रात अधिकारियों की टीम ने “टेस्ट पर्चेस” कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने अधिक कीमत पर सीलबंद शराब की बोतल खरीदी, जिससे आरोप सही पाए गए।
जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी गई, जिसके आधार पर लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन का मामला सिद्ध हुआ। इसके बाद कलेक्टर ने बार का लाइसेंस 7 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया।
कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार को आबकारी विभाग की टीम ने सिल्वर ऑक बार को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!