

हाल ही में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अपने अहम फैसले में कहा था कि शादी का वादा कर आपसी सहमति से बनाया गया संबंध हमेशा रेप नहीं होता, लेकिन इस तरह के मामले अब भी लगातार सामने आ रहे हैं। इसी तरह के एक मामले का आरोपी पिछले 3 वर्षों से फरार था जिसके घर लौटने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कोटा थाना क्षेत्र के बेलगाना चौकी में 4 जुलाई 2023 को महिला ने अपराध दर्ज कराया था कि करहिकछार बेलगहना निवासी रामबली पटेल का उसके साथ प्रेम संबंध था और फरवरी से लेकर जुलाई महीने के बीच उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाएं थे। महिला का आरोप था कि रामबली पटेल ने उसे शादी का झांसा दिया था। इसी झांसे में आकर वह भी शारीरिक संबंध बनाने के लिए तैयार हुई थी। इस मामले में पुलिस के एफआईआर दर्ज करने के बाद से ही रामबली पटेल फरार हो गया था। उसके पास कोई मोबाइल भी नहीं था इस कारण से पुलिस को उसका ठिकाना नहीं मिल रहा था।
इधर वर्तमान में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी रामबली पटेल अपने घर आया हुआ है और वापस हैदराबाद जाने के लिए सामान पैक कर चुका है। पुलिस ने एक पल भी नहीं गंवाया और उसके घर पर दबिश देकर रामबली पटेल को गिरफ्तार कर लिया। बेलगहना चौकी पुलिस इसे अपनी बड़ी कामयाबी बता रही है लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि यह मामला अदालत की कार्यवाही में कहां जाकर ठहरता है।
