

बिलासपुर (छत्तीसगढ़), 18 मार्च 2026।
जिले के कोटा थाना अंतर्गत चौकी बेलगहना पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने वाले संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए डीजे सिस्टम सहित वाहन जप्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 को पुलिस को मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम बेलगहना के केबिनपारा में सड़क किनारे अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी और खासकर कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न हो रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां डीजे संचालक श्यामलाल यादव (उम्र 45 वर्ष), निवासी लखोदना, अपने वाहन (क्रमांक सीजी 11 एडी 0570) में डीजे सिस्टम रखकर तेज आवाज में साउंड बजाते हुए मिला। पुलिस ने संचालक से डीजे बजाने की अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस पर पुलिस ने मौके पर ही पंचनामा कार्रवाई करते हुए 14 नग साउंड बॉक्स, 3 एम्प्लीफायर, 2 जनरेटर, 10 सर्फी लाइट, 8 पार लाइट, 1 मोबाइल फोन तथा डीजे वाहन को जप्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम 1985 की धारा 04/10 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के समय शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
