अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी मामले में आदतन आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा कनेक्शन उजागर

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा, 18 मार्च 2026।
जिले के अकलतरा थाना पुलिस ने End to End विवेचना के तहत गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें एक आरोपी ओडिशा से भी पकड़ा गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 5 किलो 161 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 58 हजार रुपये आंकी गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा से लाया जाता है। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच करते हुए ओडिशा के हिमगिर क्षेत्र से आरोपी शाहिद खान उर्फ गुलाप खान को गिरफ्तार किया।
आगे की पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि जांजगीर-चांपा जिले के सारागांव निवासी भास्कर राठौर (उम्र 54 वर्ष) इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक है, जो ओडिशा से गांजा मंगवाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करता था। पुलिस ने भास्कर राठौर के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया, जहां से 120 ग्राम गांजा और 1050 रुपये नगद भी जप्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, भास्कर राठौर पूर्व में भी मादक पदार्थों के मामलों में जेल जा चुका है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना अकलतरा के निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!