बिलासपुर में चोरी: दीवार में सेंध लगाकर 17 बकरे-बकरियां पार, वारदात CCTV में कैद


बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंवार में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है, जहां चोर ने बाड़े की दीवार में सेंध लगाकर 17 बकरे-बकरियां चोरी कर लीं। पूरी घटना बाड़े में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सेंवार निवासी किसान मुकेश वर्मा (27) धान मंडी के पास स्थित अपने प्लॉट पर बकरी पालन का काम करता है। 15 मार्च की शाम करीब 7 बजे वह रोज की तरह बाड़े में ताला लगाकर अपने पुराने घर चला गया था।
रात में पड़ोसी संतोष रजक ने फोन कर बताया कि बाड़े की दीवार टूटी हुई है और अंदर बकरियां नहीं दिख रही हैं। सूचना मिलते ही मुकेश अपने पिता धन्नूलाल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां 9 बकरे और 8 बकरियां कुल 17 मवेशी गायब मिले।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि 15 मार्च की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने दीवार में बड़ा छेद कर एक-एक कर बकरे-बकरियों को बाहर निकाला और चोरी कर ले गया।
पीड़ित के अनुसार चोरी गए मवेशियों की कीमत एक लाख रुपए से अधिक है, जबकि पुलिस ने लगभग 35 हजार रुपए का नुकसान आंका है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!