बिलासपुर: सड़क हादसा पीड़ितों को बड़ी राहत, PM-RAHAT योजना के तहत 7 दिन तक ₹1.50 लाख का मुफ्त कैशलेस इलाज


बिलासपुर में सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अब त्वरित और निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है। PM-RAHAT योजना के तहत जिले के पंजीकृत अस्पतालों में पीड़ितों को अधिकतम 7 दिनों तक ₹1.50 लाख तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
यातायात पुलिस बिलासपुर के अनुसार, इस योजना का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ यानी पहले एक घंटे के भीतर घायलों को तुरंत और मुफ्त उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।


43 अस्पतालों में मिल रही सुविधा
जिले में iRAD/eDAR से जुड़े कुल 43 अस्पतालों में इस योजना के तहत इलाज किया जा रहा है। यह सुविधा सभी सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए लागू है, चाहे वे छत्तीसगढ़ के निवासी हों या अन्य राज्य के।
कैसे मिलता है इलाज
योजना के तहत दुर्घटना के बाद अस्पताल द्वारा मरीज का पंजीकरण TMS 2.0 पोर्टल पर किया जाता है। इसके बाद 24 घंटे के भीतर पुलिस द्वारा सत्यापन किया जाता है। गंभीर मरीजों के लिए 48 घंटे तक स्थिरीकरण उपचार की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
योजना की प्रमुख शर्तें
दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती होना जरूरी
TMS 2.0 पोर्टल पर 24 घंटे में पंजीकरण अनिवार्य
पुलिस सत्यापन: सामान्य मामलों में 24 घंटे, गंभीर में 48 घंटे
iRAD/eDAR की Accident ID और Victim ID आवश्यक
गंभीर मरीजों के लिए 48 घंटे तक स्थिरीकरण उपचार
मामले के स्थानांतरण के लिए 3 घंटे की समय सीमा
पुलिस की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में बिलासपुर पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि उन्हें इस योजना का लाभ मिल सके और समय पर इलाज से उनकी जान बचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!