राज्यपाल ने माँ महामाया के दरबार में टेका माथा, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

यूनुस मेमन


बिलासपुर, 05 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने गुरुवार को धार्मिक नगरी रतनपुर पहुंचकर प्रदेश की आराध्य देवी माँ महामाया मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के साथ-साथ सभी प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।


राज्यपाल श्री डेका के रतनपुर पहुंचने पर मंदिर परिसर में उनका मंदिर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने माँ महामाया के गर्भगृह में पहुंचकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में भी शामिल हुए। मंदिर के पुजारियों द्वारा उन्हें धार्मिक परंपरा के अनुसार पूजा कराई गई तथा प्रसाद और आशीर्वाद प्रदान किया गया।


इस अवसर पर राज्यपाल ने मंदिर परिसर का भी अवलोकन किया और यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक परंपराओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि माँ महामाया का यह प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिर प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
राज्यपाल के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए थे। उनके साथ प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


इस अवसर पर नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष श्री लवकुश कश्यप, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, श्री मोहित जायसवाल सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!