
बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेश नगर में रविवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने युवक पर लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाइयों के साथ भी मारपीट की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गणेश नगर निवासी भागीरथी साहू मुर्गी दुकान में काम करता है। 15 मार्च की रात करीब 8:30 बजे वह अपने घर के पास अपनी मां से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले गोविंदा, बागले, कल्लू और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।
देखते ही देखते आरोपियों ने डंडों और लोहे की रॉड से भागीरथी पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके तीन भाइयों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
