

बिलासपुर जिले के मां महामाया मंदिर में आगामी चैत्र नवरात्रि को लेकर प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को आयोजित संयुक्त बैठक में नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस वर्ष श्रद्धालुओं को सबसे बड़ी राहत पार्किंग व्यवस्था में मिलेगी। हर साल होने वाली परेशानी को देखते हुए पहली बार करीब 20 एकड़ क्षेत्र में विशाल पार्किंग बनाई गई है। पार्किंग स्थल का समतलीकरण कर लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, वहीं प्रवेश और निकासी के रास्ते अलग-अलग रखे गए हैं ताकि यातायात सुचारु बना रहे।

24 घंटे चिकित्सा, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। एंबुलेंस तैनात रहेगी और डॉक्टरों की ड्यूटी 8-8 घंटे के शिफ्ट में लगाई जाएगी। इसके साथ ही 24 घंटे बिजली आपूर्ति, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा के लिए पुलिस व कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी भी सुनिश्चित की गई है। पूरे मंदिर परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
गर्मी को देखते हुए परिसर में पर्याप्त पंखों और पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मंदिर तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत और लखनी देवी मंदिर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सप्तमी पर पूरी रात खुले रहेंगे मंदिर के पट
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण शर्मा ने बताया कि सप्तमी के दिन पूरी रात श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खुले रहेंगे। पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 बसों की व्यवस्था की गई है, जो उन्हें वापस ले जाएंगी।
सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान
नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्थानीय व्यापारियों से अपने सीसीटीवी कैमरों का एंगल मुख्य सड़कों की ओर रखने का अनुरोध किया गया है। हेलीपेड क्षेत्र में बैरिकेडिंग के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर पालिका परिषद को विशेष साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भंडारे के लिए प्रशासन देगा 30 गैस सिलेंडर
नौ दिनों तक चलने वाले निशुल्क भंडारे के लिए गैस सिलेंडर की कमी को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने प्रशासन से सहायता मांगी थी। इस पर प्रशासन ने 30 गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को भोजन व्यवस्था में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भीड़ बढ़ने लगी
नवरात्रि शुरू होने से पहले ही मां महामाया के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
