

बिलासपुर। लोकसंस्कृति, संगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ 36वां बिलासा महोत्सव संपन्न हो गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने लोकगीत, पारंपरिक नृत्य और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उल्लास से भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत लोकगायिका रेखा देवार और उनके साथियों की देवार गीत-नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद बालोद के लोक कलाकार संजू सेन और उनकी टीम ने 50 से अधिक वाद्ययंत्रों को एक साथ बजाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने मादरी नृत्य और आंगा देव नृत्य की भी शानदार प्रस्तुति दी।
रायपुर की प्रभा कटारे और उनकी 25 से अधिक कलाकारों की टीम ने बारहमासी गीत, करमा-ददरिया और आदिवासी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। वहीं लिमहागढ़ के कलाकारों ने पारंपरिक करमा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।
इस दौरान महेश श्रीवास की पुस्तक “अरपा से अलास्का तक” यात्रा संस्मरण का अतिथियों द्वारा विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष महेश श्रीवास, रश्मि गुप्ता और महेंद्र ध्रुव ने किया, जबकि संयोजक रामेश्वर गुप्ता ने आभार प्रदर्शन किया। समारोह में डॉ. सुधाकर बिबे और डॉ. अजय पाठक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
लोकसंस्कृति का अनूठा संगम: कमल सोनी
समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि बिलासपुर की जनता का स्नेह और अपनापन ही बिलासा महोत्सव की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिलती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच संरक्षक चंद्रप्रकाश देवरस ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल व्यास उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बिलासा कला मंच पिछले 36 वर्षों से अंचल के लोक कलाकारों, लोकसंगीत और लोकसंस्कृति को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
कलाकारों और समाजसेवियों का सम्मान
महोत्सव के दौरान बिलासा कला सम्मान से रायपुर की लोकगायिका मंजू श्रीवास, बिलासा साहित्य सम्मान से रायगढ़ के साहित्यकार बसंत साव तथा बिलासा सेवा सम्मान से बिलासपुर की चंचल सलूजा और ग्राम सेलर के धनंजय सिंह को सम्मानित किया गया।
चंचल सलूजा को मिला बिलासा सेवा सम्मान
बिलासा महोत्सव में रविवार को सेवा के क्षेत्र मे स्वयं सिद्धा फाउंडेशन को सम्मानित किया गया है। इस बार बिलासा सेवा के क्षेत्र में जिन लोगों को सम्मानित डायरेक्टर चंचल सलूजा जी को उन्हें सेवा के क्षेत्र में अपने अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। यह अवार्ड एवं सर्टिफिकेट उन्हें सराफा एसोसियन के अध्यक्ष कमल सोनी, व्यास खरे, महेश श्रीवास, सोमनाथ यादव, अजय पाठक नवीन दुबे द्वारा प्रदान किया गया। बिलासा लोक संस्कृति के प्रदर्शन, प्रोत्साहन एवं सम्मान के लिए सर्वश्रेष्ठ मंच माना जाता है।

