

बिलासपुर। शहर का ऐतिहासिक राजा रघुराज सिंह स्टेडियम करीब 17 महीने बाद फिर से क्रिकेट गतिविधियों के लिए खुलने जा रहा है। स्टेडियम के रेनोवेशन का काम पूरा होने के बाद यहां स्व. लखीराम अग्रवाल की स्मृति में ऑल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 21 से 29 मार्च तक किया जाएगा। रविवार को टूर्नामेंट की ट्रॉफी का लोकार्पण किया गया।
ट्रॉफी लॉन्चिंग समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शहर विधायक अमर अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर पूजा विधानी मौजूद रहीं। आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण दुबे ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के आठ राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। इस दौरान बिलासपुर के खेल प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के भारतीय खिलाड़ियों के साथ-साथ आईपीएल और रणजी ट्रॉफी में खेलने वाले खिलाड़ियों को मैदान पर देखने का मौका मिलेगा।
आयोजन समिति के अनुसार टूर्नामेंट की विजेता टीम को 5 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 3 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच, बेस्ट फील्डर और बेस्ट कैच सहित कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, डॉ. रजनीश पांडेय, समाजसेवी प्रवीण झा और अनिल छाबड़ा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

40 साल बाद रघुराज स्टेडियम में होगा नेशनल टूर्नामेंट
ट्रॉफी लॉन्चिंग के दौरान विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि शहर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 40 साल पहले राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी के मैच आयोजित हुए थे, लेकिन इसके बाद यहां राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट नहीं हुआ। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलता है और शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।
ओमान के खिलाड़ी सहित कई आईपीएल स्टार मैदान में दिखेंगे
टूर्नामेंट में हर टीम में पांच खिलाड़ी ऐसे होंगे जो आईपीएल या रणजी ट्रॉफी में खेल चुके हैं। साथ ही अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में ओमान के सुभो पॉल भी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके अलावा आईपीएल, रणजी और विजय हजारे ट्रॉफी खेल चुके खिलाड़ी स्वास्तिक चिकारा, तरुण, शिशिर साकेत, सर्वेश कुमार, बालकेश यादव, आशीर्वाद, कुणाल नागर, दीपेश परवानी और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी शेख रशीद जैसे नाम भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।
