

सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक दिल दहला देने हादसे में बुजुर्ग महिला जिंदा जलकर खाक हो गई। 57 वर्षीय जया अग्रवाल लिंगियाडीह सांई मंदिर के पीछे रहती थी । जया अपने मुंह बोले वकील भाई के साथ वहां रहती थी। महिला के मुंह बोले भाई की कुछ दिनों पहले तबीयत खराब हो गई थी जिन्हें इलाज के लिए बेंगलुरु ले जाया गया था जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। तब से महिला घर पर अकेली थी।
वर्तमान में उनके मुंह बोले भाई का क्रिया कर्म चल रहा था। इसी दौरान रविवार रात महिला के घर में मौजूद फ्रिज में ब्लास्ट हो गया ।आसपास के लोगों ने तेज आवाज सुनी तो उन्हें लगा कि सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है। जब वे जया के घर पहुंचे तो देखा कि घर में आग लगी हुई है। तुरंत इसकी सूचना पुलिसकर्मियों और दमकल को दी गई, जिन्होंने आग पर काबू पाया। घर की तलाशी के दौरान जया अग्रवाल झुलसी हुई मृत अवस्था में मिली। पुलिस ने शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुरुआती जांच में पता चला कि यह हादसा फ्रिज में ब्लास्ट होने से हुआ है। ब्लास्ट इतना तेज था कि उससे पूरे मकान में आग फैल गई। महिला आग की लपटों में घिर गई होगी इसलिए बाहर निकलने का उसे मौका ही नहीं मिला।
वैसे तो लगभग हर घर में रेफ्रिजरेटर होता है लेकिन यह रेफ्रिजरेटर इतना खतरनाक भी हो सकता है जिससे किसी की जान भी जा सकती है और पूरा घर भी जल कर खाक हो सकता है। इस घटना से आसपास के लोग दहशत में है।
