

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर और ट्रॉली भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी आकिब अहमद (37 वर्ष), निवासी बापजी रेसिडेंसी शुभम विहार बिलासपुर, एयू ट्रेडर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 मार्च 2026 की शाम करीब 6 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 14 मार्च की सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि दुकान के सामने खड़ा उनका आईचर ट्रैक्टर और ट्रॉली क्रमांक CG 16 CN 7187 गायब है।
मामले की शिकायत मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने धारा 303 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही की तलाश की और आरोपी जितेंद्र धीवर (35 वर्ष), निवासी जांजी थाना सीपत, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर और ट्रॉली मस्तूरी क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
