

बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 13 मार्च को कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बिरकोना मंदिर चौक मुख्य मार्ग पर गोपी वर्मा नाम का युवक हाथ में धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है और क्षेत्र में दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गोपी वर्मा (उम्र 22 वर्ष) निवासी ग्राम जलसों, थाना कोनी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी चाकू रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने चाकू जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
