

बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान परेड, ड्रिल और पुलिस बल की तैयारियों का निरीक्षण किया गया तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।
निरीक्षण के दौरान जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे। परेड में टर्न आउट की जांच की गई तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया, जबकि अनुशासन में कमी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को दंड भी दिया गया।

परेड के दौरान स्क्वाड ड्रिल, मार्चपास्ट, सलामी शस्त्र, शस्त्र अभ्यास, दिशा परिवर्तन, बलवा ड्रिल और फायरिंग अभ्यास कराया गया। इस परेड में 11 राजपत्रित अधिकारी, 17 निरीक्षक, 16 उप निरीक्षक, 16 सहायक उप निरीक्षक, 42 प्रधान आरक्षक, 178 आरक्षक और 46 महिला आरक्षक सहित कुल 326 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
परेड के बाद आयोजित पुलिस सम्मेलन में डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। स्वास्थ्य, स्थानांतरण, वेतन, सेवा और आवास से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। पुलिस फैमिली क्वार्टर में पानी की समस्या को भी तत्काल दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

सम्मेलन में पुलिस मुख्यालय और रेंज मुख्यालय से जारी आदेश-निर्देशों की जानकारी देते हुए मोबाइल पेट्रोलिंग, सतर्कता, जवाबदेही, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, सामुदायिक पुलिसिंग, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा नशे के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बीट प्रणाली को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आम जनता से संपर्क बढ़ाएं, जिससे लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधों पर नियंत्रण हो सके।

निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का भी अवलोकन किया गया। संसाधनों के रखरखाव, समय पर मरम्मत और उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस बल को आधुनिक बनाने के लिए नए संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं। बलवा नियंत्रण के लिए नई सुरक्षा सामग्री खरीदी गई है, जिससे करीब 1000 जवानों को उपकरण उपलब्ध हो सकेंगे।
इसके अलावा पुलिस विभाग को 16 बोलेरो वाहन, 2 मालवाहक मध्यम ट्रक और 1 बस भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे थाना और चौकी स्तर पर कार्य व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा। पुलिस कर्मियों के लिए 108 नए आवास भी स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण शीघ्र पूरा कर कर्मचारियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
