सीवी रमन यूनिवर्सिटी का छात्र 6 मार्च से लापता, कमरे से 40 लाख से ज्यादा के लेन-देन का हिसाब मिला


बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र स्थित सीवी रमन यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रहने वाला एक छात्र पिछले छह दिनों से लापता है। मामले में थाना कोटा में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। जांच के दौरान छात्र के कमरे से ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग से जुड़े दस्तावेज तथा लाखों रुपए के लेन-देन का हिसाब मिला है।
पुलिस के अनुसार रोहित कुमार (19 वर्ष) पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया (बिहार) सीवी रमन यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह 6 मार्च 2026 को शाम करीब 4 बजे से छात्रावास से लापता है। इस संबंध में छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर थाना कोटा में गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई है।
जांच के दौरान पुलिस को छात्र के कमरे से एक मोबाइल फोन (बिना सिम), ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नोट्स वाला एक पेज और एक नोटबुक मिली है। नोटबुक में करीब 40,77,400 रुपए के लेन-देन का हिसाब दर्ज पाया गया है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि रोहित के मोबाइल से उसकी मां को स्वेच्छा से कहीं जाने का एक मैसेज भेजा गया था, लेकिन वह डिलीवर नहीं हुआ।
पुलिस ने छात्रावास के अन्य छात्रों, मित्रों और परिचितों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रोहित ऑनलाइन गेमिंग में सक्रिय था और कई लोगों के साथ पैसों का लेन-देन करता था। घटना वाले दिन भी उसने अपने साथियों से कैश में पैसे मांगे थे और यूपीआई के माध्यम से तुरंत वापस करने की बात कही थी।
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की है। बैंक खातों की पड़ताल में करीब 7 लाख रुपए के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं, जिसमें विभिन्न लोगों और ऐप के माध्यम से पैसे लिए और दिए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस टीम ने यूनिवर्सिटी गेट, मोबाइल नाका चौक, खत्री इंटरप्राइजेस, स्कूल, यूको बैंक एटीएम, पेट्रोल पंप सहित आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। साथ ही डॉग स्क्वॉड की मदद से छात्रावास से लेकर कोटा रेलवे स्टेशन तक तलाश की गई है।
मामले में पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है। वहीं रोहित के परिजनों ने बताया कि उन्हें उसके ऑनलाइन बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों को जांच की प्रगति से अवगत कराया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को रोहित कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल थाना कोटा, जिला बिलासपुर को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!