बसंत उत्सव में झूमे रसिकजन, बाबू गुह ठाकुरता को मिला ‘रामजीवन मुखोपाध्याय सम्मान’


निखिल भारत बंग साहित्य सम्मेलन (नि.भा.बं.सा.स.) की बिलासपुर शाखा के तत्वावधान में हेमू नगर स्थित रामकृष्ण मंदिर के सभा भवन में ‘बसंत उत्सव’ अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संगीत, नृत्य और कविता पाठ जैसी विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर के छाया चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात सम्मेलन संगीत ‘मोदेर गरब मोदेर आशा’ कोरस के रूप में प्रस्तुत किया गया। शाखा अध्यक्ष श्री अजय गांगुली ने अपने स्वागत भाषण में कार्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस संगीतमय शाम में निहार रंजन मल्लिक, श्रावणी दत्त, प्रबाल मुखर्जी, सौरभ चक्रवर्ती, अर्पण बैरागी, मौसमी चक्रवर्ती, डॉ. चंदना मित्रा और सुजीत मित्रा ने शानदार एकल गीत प्रस्तुत किए, जिनमें तबले पर संगत जय डे ने की। श्रीमती गोपा दासगुप्त एवं श्री राजा दासगुप्त ने युगल कविता पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

श्रीमती रूपा राहा, अशोक कुंडू और डॉ. सोमा लाहिरी मल्लिक ने भावपूर्ण कविताएं प्रस्तुत कीं, जबकि असित बरन दास ने बसंत ऋतु पर आधारित अपने लेख पढ़े। इसके अलावा, श्रीमती मुनमुन शी ने आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। मौसमी चक्रवर्ती के निर्देशन में रेखा दास, रीना चक्रवर्ती और शस्तिका विश्वास द्वारा प्रस्तुत समूह गान आकर्षण का केंद्र रहा। कोरस गायन में रूपा राहा, रेबा चौधरी, उमा दास, असित एवं अन्य सदस्यों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वर्ण युग के प्रसिद्ध गीतकार श्री बाबू गुह ठाकुरता को ‘रामजीवन मुखोपाध्याय सम्मान’ से सम्मानित किया गया । उन्हें संस्था की ओर से स्मृति चिह्न, उत्तरीय, पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति पत्र द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. सुदीप्त दत्त, डॉ. सोमा और सुजीत मित्रा ने श्री गुह ठाकुरता के गीतों और उनके साहित्यिक योगदान पर विस्तृत चर्चा की। डॉ. सुदीप्त दत्त ने संगीत और कविताओं के साथ कीबोर्ड वादन कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

मंच का सफल संचालन सचिव डॉ. सोमा एवं उप-सचिव श्रावणी दत्त ने किया। इस अवसर पर श्रुति दत्त, गोपा बागची, भक्तिमय चौधरी, अरूप बैरागी और पियाली सहित अन्य उपस्थित रहे। अंत में शुभाशीष बसाक ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!