तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा, 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के जेवर, बर्तन और नगदी सहित करीब 3 लाख 70 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार हरदी महामाया गांव में दाऊराम साहू, आनंद मोहन पांडेय और हरिओम साहू के घरों में अलग-अलग समय पर चोरी की घटनाएं हुई थीं। शिकायत मिलने पर बलौदा थाना में बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर गणेश केवट उर्फ बुट्टी (24), रोशन बरेठ (18) और दिनेश बरेठ (20) ने तीनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए सोना-चांदी के जेवर, बर्तन और नगदी सहित कुल करीब 3.70 लाख रुपये का सामान बरामद किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए), 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा सहित बलौदा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!