

बिलासपुर। “एक भारत श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज कार्यक्रम का 14वां चरण बिलासपुर में शुरू हो गया है। इसके तहत गुजरात पुलिस के जिला पोरबंदर से 15 अधिकारियों और कर्मचारियों का दल मंगलवार को बिलासपुर पहुंचा। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दल का औपचारिक स्वागत करते हुए सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण की रणनीतियों, जनजागरूकता अभियानों और सामुदायिक सहभागिता आधारित पुलिसिंग के बारे में जानकारी दी गई।

पोरबंदर से आए अधिकारी अगले 20 दिनों तक बिलासपुर रेंज की विभिन्न पुलिस इकाइयों की कार्यप्रणाली का अध्ययन करेंगे।
इस दौरान उन्हें थाना-चौकी व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और जिले की भौगोलिक व अपराध संबंधी स्थितियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही “चेतना अभियान” सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों और पुलिस के सहयोगी तंत्र के कार्यों से भी अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
