अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में महिलाओं के लिए प्रेरणादायी कार्यक्रम का हुआ आयोजन

बिलासपुर, 10 मार्च 2026

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर स्थित न्यू ऑडिटोरियम में महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला रेलकर्मी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, विशिष्ट अतिथि श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, अध्यक्षा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो) उपस्थित थे। कार्यक्रम में अतिथि वक्ता श्री उज्ज्वल पाटनी ने अपने प्रेरणादायी एवं मोटिवेशनल संबोधन से महिलाओं को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 27 महिला रेलकर्मियों को मुख्य अतिथि श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, विशिष्ट अतिथि श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, अध्यक्षा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो) के द्वारा सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में 300 से अधिक महिला रेलकर्मियों की उपस्थिती रही ।

महिला दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस वर्ष महिला दिवस की थीम “Rights, Justice, Action – For All Women and Girls” है, जो महिलाओं और बालिकाओं के अधिकार, न्याय तथा उनके सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाने का आह्वान करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को शिक्षा, अवसर, सम्मानजनक कार्य वातावरण तथा सुरक्षित माहौल प्राप्त होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर लगभग 42 प्रतिशत कार्यबल में महिलाएँ शामिल हैं, जबकि नेतृत्व के उच्च पदों पर उनकी भागीदारी अभी भी लगभग 31 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि भारत में भी पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं की कार्यबल भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वर्ष 2017–18 में लगभग 23 प्रतिशत से बढ़कर 2023–24 में लगभग 42 प्रतिशत तक पहुँच गई है, जो सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है।

महाप्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल जैसे विशाल सार्वजनिक संगठन में भी महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। आज महिलाएँ लोको पायलट, गार्ड, इंजीनियर, टीटीई, ट्रैक मेंटेनर, आरपीएफ तथा स्टेशन प्रबंधन जैसे विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं और भारतीय रेल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को भी अपनी महिला अधिकारियों और कर्मचारियों पर गर्व है, जो विभिन्न क्षेत्रों में समर्पण और दक्षता के साथ कार्य कर रही हैं। साथ ही खेल के क्षेत्र में भी महिला खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रेलवे का नाम रोशन किया है।

महिलाओं के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर, कैंसर जागरूकता कार्यक्रम तथा बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही महिला यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए स्टेशनों पर “अक्षिता” सेफ बबल तथा ट्रेनों में यात्रा कर रही महिलाओं की सहायता के लिए “मेरी सहेली” अभियान जैसे महत्वपूर्ण प्रयास भी किए जा रहे हैं।

महाप्रबंधक ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और समान अवसर वाला वातावरण विकसित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। बेहतर सुविधाएँ, मातृत्व से संबंधित प्रावधान, बच्चों की देखभाल के लिए सहयोग, प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र और नेतृत्व के अवसर महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की सभी महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण, परिश्रम और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष, सेक्रो की सदस्याएं, श्री आदित्य कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी, डॉ. श्रीमती दर्शनीता बी. अहलूवालिया, मुख्य कार्मिक अधिकारी (आईआर) सहित मुख्यालय एवं बिलासपुर मण्डल अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!