

बिलासपुर। शहर में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने आंतरिक मार्गों पर निर्धारित गति सीमा दर्शाने वाले सुरक्षात्मक एवं संकेतात्मक बोर्ड लगवाए हैं। पुलिस ने नागरिकों से तय गति सीमा का पालन करते हुए ट्रैफिक नियमों के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह पहल की गई है। यातायात पुलिस के अनुसार शहर में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न उपाय लगातार किए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस ने बताया कि शहर के आंतरिक मार्गों पर अधिकतम 40 किमी प्रति घंटा की गति सीमा निर्धारित है। वहीं स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, कलेक्ट्रेट, अन्य शासकीय कार्यालयों के आसपास अधिकतम 20 किमी प्रति घंटा तथा रिहायशी इलाकों, मोहल्लों की गलियों और अन्य चिन्हित स्थानों पर 30 किमी प्रति घंटा की गति सीमा लागू है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की आंतरिक सड़कों पर 40 किमी प्रति घंटा से अधिक गति से वाहन चलाने पर ऑनलाइन माध्यम से मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों एवं इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है।
यातायात पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को परेशान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, तय गति सीमा का पालन करने तथा ट्रैफिक नियमों का स्वेच्छा से पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की है।
