

बिलासपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इमलीभाठा क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा बेच रही एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा और नकदी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला मीना सारथी (48 वर्ष) पति प्रकाश सारथी, निवासी इमलीभाठा जोगी आवास बंधवापारा, थाना सरकंडा को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) निमितेश सिंह द्वारा क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने और अवैध शराब व गांजा बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में पतासाजी और मुखबिरों से संपर्क कर रही थी। इसी दौरान 7 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इमलीभाठा स्थित जोगी आवास के पास गली में एक महिला अवैध रूप से गांजा बेच रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए उप निरीक्षक नारायण ठाकुर के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से महिला को पकड़कर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी महिला के पास से 848 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 31 हजार रुपये बताई जा रही है, तथा बिक्री की 250 रुपये नकद रकम बरामद की गई। पुलिस ने गांजा और नकदी को विधिवत जब्त कर लिया।
इसके बाद आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
