
प्रवीर भट्टाचार्य


बिलासपुर। हर वर्ष 8 मार्च को पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं के अधिकारों, सम्मान, समानता और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए समर्पित है। समाज, राजनीति, शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन और कला जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है।


इसी कड़ी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बिलासपुर में भी कई आयोजन हुए। विगत तीन वर्षों की तरह इस वर्ष चौथे वर्ष भी संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही सप्त सुरम ट्रस्ट, कोरबा द्वारा शहर के यश पैलेस स्थित होटल एंपरर पैराडाइज सभागार में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उन महिला प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर समाज और देश को प्रभावित किया है।


कार्यक्रम में स्वास्थ्य, पुलिस, न्याय, खेल, मीडिया, कला, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कुल 25 महिला प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों का कहना था कि ये सभी महिलाएं आज की पीढ़ी की प्रतिनिधि हैं और अपनी उपलब्धियों से समाज की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।
समारोह में समाजसेवी असित पाल सिंह,मोहन सुंदरानी, किरण सिंह और अरुण सिंह चौहान सहित अन्य अतिथियों ने मंच से इन प्रतिभाओं को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सम्मानित होने वाली प्रमुख महिलाओं में एसपी दीपमाला कश्यप, छत्तीसगढ़ी सिने तारिका दीक्षा जायसवाल, फैशन मॉडल शुभांगी यादव, पार्श्व गायिका कंचन जोशी, एडवोकेट हमीदा सिद्दीकी, कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी, खेल जगत से किरण साहू, साहित्यकार डॉ. अलका यादव और सोनाली चक्रवर्ती शामिल रहीं।
इसके अलावा डॉ. अदिति सहगल, समाजसेवी बिंदु सिंह कछवाहा, वंदिता साहू, साहित्यकार ज्योति मिश्रा, शिक्षिका डॉ. ज्योति सक्सेना, चंचल सोनी, पत्रकार उषा सोनी और स्वाति चंद्रवंशी को भी सम्मानित किया गया।

चिकित्सा क्षेत्र से गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. रश्मि शर्मा, कवियत्री संतोष झांसी, एंकर माया बनर्जी, कैडेट अर्पिता दत्ता, सफाई कर्मी रीता वाल्मीकि, रेखा आहूजा, गायत्री साहू और भैरवी वैष्णव जैसी प्रतिभाओं को भी मंच से सम्मान मिला।

इस अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभाओं ने गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह में मनोरंजन का रंग भी घोला। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर भी वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।


समारोह में शहर के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जब महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा मिलती है तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।




