
शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी क्षेत्र में चलती कार में खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों ने इस तरह की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
बताया जा रहा है कि यह घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा इलाके के डी सेक्टर की है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार से चल रही कार में सवार दो युवक खिड़की से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। इस दौरान दोनों युवक अपनी जान जोखिम में डालते हुए करतब करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, पीछे चल रही एक अन्य कार में बैठे व्यक्ति ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
बताया जा रहा है कि जिस कार में युवक स्टंट कर रहे थे, वह दुर्ग जिले की पासिंग नंबर की है। हालांकि इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वहीं वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने ऐसे खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि सड़क पर इस तरह की लापरवाही से होने वाले हादसों को रोका जा सके।
