

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से चाकू रखने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक बटनदार स्टील का चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम पेट्रोलिंग कर रही थी।
इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिवनेरी होटल की पार्किंग में एक युवक अपनी जेब में चाकू लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी पीछे की जेब से एक बटनदार स्टील का चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी लक्की यादव (19 वर्ष) निवासी दीपूपारा, थाना तारबाहर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत के साथ उप निरीक्षक उदयभान सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद कसेर, आरक्षक रूपलाल चंद्रा और राहुल राजपूत का विशेष योगदान रहा।
