
शशि मिश्रा

मल्हार। क्षेत्र के लीलागर नदी में एक ग्रामीण की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक पिछले तीन दिनों से लापता था और परिजन व ग्रामीण उसकी लगातार तलाश कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरती हुई एक लाश पर पड़ी। यह देख उन्होंने तुरंत अन्य ग्रामीणों को सूचना दी और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान ईश्वर केंवट (59 वर्ष) पिता छोटू केंवट, निवासी वार्ड क्रमांक 5 नंदमहल इमलीपारा मल्हार के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि ईश्वर केंवट 2 मार्च की शाम से अग्रवाल फार्म हाउस क्षेत्र से लापता थे। उनके परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
