

बिलासपुर। शहर के रेलवे परिक्षेत्र स्थित काली बड़ी प्रांगण में बंगाली एसोसिएशन बिलासपुर द्वारा श्री श्री वासंती पूजा उत्सव (चैत्र नवरात्र) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन इस वर्ष द्वितीय वर्ष आयोजित किया जा रहा है। बंगाली एसोसिएशन ने शहर के सभी श्रद्धालुओं से पूजा में शामिल होकर माँ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
पूजा आयोजन की शुरुआत 24 मार्च 2026, मंगलवार को महाषष्ठी से होगी। इसके बाद 25 मार्च, बुधवार को महासप्तमी, 26 मार्च, गुरुवार को महाअष्टमी, 27 मार्च, शुक्रवार को महानवमी तथा 28 मार्च, शनिवार को दशमी के साथ उत्सव का समापन होगा।
आयोजन के दौरान कई विशेष धार्मिक कार्यक्रम भी रखे गए हैं। 26 मार्च, गुरुवार को दोपहर 2:06 बजे से संधि पूजा तथा दोपहर 2:30 बजे से अन्नकूट पूजा का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे पुष्पांजलि दी जाएगी। वहीं 27 मार्च, शुक्रवार को सुबह 11 बजे से कन्या पूजन और दोपहर 12:30 बजे से हवन कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके अलावा प्रतिदिन शाम 7:30 बजे संध्या आरती भी की जाएगी।
बंगाली एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि वासंती पूजा बंगाली समाज का प्रमुख धार्मिक पर्व है, जिसमें मां दुर्गा की आराधना की जाती है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना और दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने का आग्रह किया है।
