
शशि मिश्रा

इलाज के लिए सेंदरी मेंटल हास्पिटल गए युवक ने पहले पत्नी के हाथों से नाश्ता किया और दूसरे मरीज का गमछा लेकर टायलेट में फांसी के फंदे पर झूल गया। अस्पताल के बाहर से आकर पत्नी ने पति को खोजना शुरू किया, इस दौरान उसकी लाश टायलेट के चौखट में लटकी मिली। मरीज झूल के खुदकुशी करने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी कोनी पुलिस को दी है। परिजनों के इंतजार के चलते शुक्रवार को शव का पीएम नहीं हो सका है।
वित्तीय संकटों से जूझ रहे महासमुंद के बरना निवासी युवक लखन लाल साव उम्र 36 को डिप्रेशन के चलते सेंदरी स्थित मेंटल अस्पताल में 5 मार्च गुरूवार को भर्ती कराया गया। उसकी पत्नी ने ही उसे मेंटल अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान वह भी अस्पताल में थी। शुक्रवार की सुबह 11 बजे महिला ने पति लखन को नाश्ता कराया और उसके साथ बैठी रही। इस दौरान परिजन का फोन आने पर वह अस्पताल से बाहर निकलकर बात करने लगी, लेकिन लखन अस्पताल के अंदर ही बैठा रहा। करीब 20 मिनट बाद पत्नी वापस उससे मिलने आई तो वह नजर नहीं आया। आसपास के लोगों ने उसके टायलेट जाने की जानकारी दी, थोड़ी देर में जब युवक टायलेट से नहीं लौटा तो पत्नी को चिंता हुई, वह एक कर्मचारी के साथ टायलेट की ओर गई। युवक टायलेट की चौखट में फांसी पर लटका मिला, जिसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि टायलेट जाने से पहले युवक ने पड़ोस में बैठे मरीज से गमछा मांगा था और उसी गमछे से उसने आत्महत्या की है। प्रबंधन को जानकारी मिलते ही पुलिस को बुलाया गया और पंचनामा कर शव पीएम के लिए भेजा गया है। युवक के आत्महत्या करने के मामले में अस्पताल प्रबंधन के सुरक्षा की पोल खुल चुकी है। जिस समय यह घटना हुई उस दौरान अस्पताल में सभी डाक्टर और स्टाफ थे, इस दौरान डिपरेशन के शिकार युवक की हरकतों पर नजर रखने के लिए कोई स्टाफ मौजूद नहीं था।
बेटी ने भी लगाई थी फांसी
बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले युवक की 16 वर्षीय बेटी भी महासमुंद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर चुकी है, जिसके बाद से ही युवक मानसिक तनाव से गुजर रहा था। इससे पहले भी वह खुदकुशी करने की कोशिश कर चुका था। इस दौरान परिवार वित्तीय समस्याओं से जुझ रहा था, जिसके चलते युवक काफी डिप्रेशन में रहने लगा था। वह किसी से ज्यादा बात नहीं करता था, इसी समस्या को लेकर उसकी पत्नि ने उसे सेंदरी मेंटल अस्पताल में भर्ती कराया था।
