लालखदान चौक के पास युवकों के दो गुटों में सरेराह मारपीट, वीडियो वायरल

शशि मिश्रा


बिलासपुर। शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है। तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान चौक के पास युवकों के दो गुटों के बीच सरेराह जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए और पत्थरों से भी हमला किया। सड़क के बीचों-बीच हुई इस मारपीट से कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान वहां मौजूद लोग सहम गए। कई लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की, लेकिन युवक आपस में भिड़े रहे। मारपीट के कारण कुछ देर तक क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार मारपीट करने वाले युवक देवरीखुर्द और लालखदान क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ युवक नशे की हालत में भी थे, जिसके कारण मामूली विवाद अचानक उग्र हो गया।
इस घटना का वीडियो तोरवा पुलिस के पास भी पहुंच गया है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!