होली के दिन पुलिस टीम पर हमला, महिला पुलिस के साथ धक्का मुक्की, कांस्टेबल की वर्दी फाड़ी, टीआई पर किया हमला , पांच आरोपी गिरफ्तार, तीन अब भी फरार


बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में होली के दिन पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार 4 मार्च को होली ड्यूटी के दौरान पेंडरवा निवासी जलेश्वर साहू ने पुलिस को शिकायत दी थी कि कुछ लोग शराब के नशे में उनके घर के पास आकर गाली-गलौज कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सूचना मिलते ही बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान पेट्रोलिंग टीम के साथ ग्राम पेंडरवा के लिए रवाना हुए।
रास्ते में ग्राम निपनिया के पीपल चौक के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार (CG10 N 2288) डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त मिली। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को सड़क से हटवाया और चालक व वाहन को थाने ले जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान जावेद, अजीम, कार्तिक श्रीवास और पप्पू वहां पहुंच गए और पुलिसकर्मियों से विवाद करने लगे। बाद में उन्होंने अपने साथियों श्याम बंसल, राहुल बंसल और यश बंसल को भी बुला लिया।


बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों की संख्या अधिक होने के कारण मौके पर हंगामा मच गया। इस दौरान आरोपियों ने कांस्टेबल मौसम साहू की वर्दी फाड़ दी तथा लेडी कांस्टेबल चंदा यादव के साथ धक्का-मुक्की की। मारपीट में कांस्टेबल संतोष मरकाम घायल हो गए, जबकि थाना प्रभारी की कलाई में भी चोट आई।


घटना के बाद पुलिस ने जावेद, अजीम, श्याम बंसल, राहुल बंसल, यश बंसल, कार्तिक श्रीवास और पप्पू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित की। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई, जिसके बाद पुलिस ने निपनिया गांव से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों में कामता यादव (30) पिता मनोहर यादव, लोकेश पटेल (30) पिता हरिश्चंद्र पटेल, मनोहर यादव (50) पिता स्वर्गीय रामध्यान यादव, अजीम मोहम्मद (28) पिता अनवर मोहम्मद तथा जावेद मोहम्मद (33) पिता मकसूद मोहम्मद शामिल हैं। सभी आरोपी बिल्हा थाना क्षेत्र के निपनिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान फरार आरोपियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस की टीमें अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
इस घटना के बाद बिल्हा और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आम लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!