पुलिस की मुस्तैदी से बिलासपुर में होली शांतिपूर्ण संपन्न, एसएसपी रजनेश सिंह ने की अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना

बिलासपुर। जिले में होली पर्व इस वर्ष पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हुआ। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा की गई व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम देखने को मिला। अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में जिले के सभी पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और विभागीय अमला पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहा, जिसके चलते कहीं भी किसी बड़ी आपराधिक घटना की सूचना नहीं मिली।
होली के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग, प्रमुख चौक-चौराहों पर निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और संवेदनशील स्थानों पर विशेष व्यवस्था की गई थी। पुलिस की सतर्कता और सक्रियता के कारण असामाजिक तत्वों, चोर-उचक्कों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में भी खौफ का माहौल बना रहा और वे किसी भी तरह की गड़बड़ी करने से दूर रहे।
होली पर्व के शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों, अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभाई, जिसके कारण जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और आम जनता ने सुरक्षित वातावरण में होली का त्योहार मनाया।
एसएसपी ने पुलिस बल के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की टीमवर्क, सतर्कता और कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि बिलासपुर में होली का पर्व बिना किसी बड़ी घटना के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका। उन्होंने आगे भी इसी तरह जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए समर्पित होकर कार्य करने की अपील की।
पुलिस की इस सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों ने भी संतोष व्यक्त किया है और कहा है कि पुलिस की मुस्तैदी के कारण शहर में त्योहार का माहौल पूरी तरह सुरक्षित और आनंदमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!