

बिलासपुर। होली पर्व को देखते हुए शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है। इसी क्रम में सरकंडा पुलिस ने तलवार लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हथियार बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजयपुरम गेट के पास एक युवक हाथ में तलवार लेकर घूम रहा है, जिससे क्षेत्र में अशांति की स्थिति उत्पन्न हो सकती है और लोगों में भय का माहौल बन रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक टीम मौके पर रवाना की।
पुलिस टीम ने विजयपुरम गेट के पास पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम कीर्ति कुमार पोर्ते बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के मद्देनज़र शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार से हथियार लेकर घूमने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
